सुस्वागतम्

समवेत स्वर पर पधारने हेतु आपका तह-ए-दिल से आभार। आपकी उपस्थिति हमारा उत्साहवर्धन करती है, कृपया अपनी बहुमूल्य टिप्पणी अवश्य दर्ज़ करें। -- नीलम शर्मा 'अंशु

07 मई 2011

प्रेम धवन को याद करते हुए.....





अब तो सोने दे ऐ दिल घड़ी दो घड़ी
देख तारों को भी नींद आने लगी।


आज ही के दिन 2001 में हृदयाघात से गीतकार, संगीतकार, नर्तक, नृत्य निर्देशक पद्मश्री प्रेम धवन का मुंबई के जसलोक अस्पताल में 77 वर्ष की आयू में निधन हो गया था।

13 जून 1924 को हरियाणा में जन्में प्रेम धवन लाहौर से स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद बंबई की प्रसिद्ध संस्था इप्टा से जुड़ गए।

1946 में इप्टा द्वारा ही निर्मित और के. ओ. अब्बास निर्देशित हिन्दी फ़िल्म धरती के लाल से बतौर गीतकार प्रेम धवन ने फ़िल्म क्षेत्र में पदार्पण किया। गीत के बोल थे – सुनो मनुवा नैया ये। इसी फ़िल्म के लिए लिखे उनके अन्य चार गीत थे – जय धरती मैया/केकरा केकरा नाम बताव/ आज सूखे खेतों में/ बढ़ता जा।

इसके बाद बॉम्बे टॉकीज़ में प्रवेश करते हुए 1948 में फ़िल्म ज़िद्दी के लिए कई गीत लिखे, जिसमें लता मंगेशकर का गाया गीत जादू कर गए किसी के नैना बहुत हिट हुआ। फिर 1951 में फ़िल्म तराना के लिए लिखा उनका गीत सीने में सुलगते है अरमां बेहद हिट रहा।

बचपन में हफ़ीज़ और वारिस शाह जैसे लेखकों के लेखन और माँ द्वारा गाए जाने वाले भजनों और दोहों ने उनके जीवन का रुख गीतकार, संगीतकार, कोरियोग्राफी के करियर की तरफ मोड़ा।

प्रेम धवन के पिता लाहौर जेल के वॉर्डन थे, वहाँ प्रेम धवन को स्वतंत्रता सेनानियों को क़रीब से देखने का मौका मिला।सय्याद मुतालवी और शहीद भगत सिंह के बाई कुलबीर सिंह जैसे सेनानियों ने उनके मन में देश प्रेम का वीजवपन किया और उसे मजबूती प्रदान की। अगर आप गौर करें तो पाएंगे कि देशप्रेम पर लिखे उनके गीत ज़्यादा लोकप्रिय हुए ।

उन्होंने प. रविशंकर से संगीत और उदय शंकर ट्रुप से नृत्य की तालीम ली। शहीद, पवित्र पापी जैसी फिल्मों का संगीत निर्देशन भी किया।  फ़िल्म नया दौर के गीत उड़ें जब जब ज़ुल्फें तेरी और विमल राय की दो बीघा ज़मीन में हरियाल सावन ढोल बजाता आया गीतों में उनकी कोरियोग्राफी काबिल-ए-तारीफ़ है।

बकौल शायर सरदार अली जाफ़री  - प्रेम धवन के गीतों और नज़्मों में देश की माटी की सुगंध और ध्वनि देखते ही बनती है।

 बकौल प्रेम धवन – फ़िल्मों में मेरे देशभक्ति के गीत ज़्यादा मशहूर हुए हैं, इसलिए ज़्यादातर लोग मुझे इन्क़लाबी और तरक्कीपसंद शायर के रूप में ही जानते हैं लेकिन मैंने हर तरह के गीत लिखे हैं।
बतौर गीतकार, संगीतकार, कोरियोग्राफर उन्होंने 55 वर्षों का सफ़र तय किया। वे अपने गीतों, ग़ज़लों और नज़्मों का संग्रह दिलों के रिश्ते प्रकाशित करवाना चाहते थे परंतु उनकी इस ख्वाहिश को उनके निधन के उपरांत उनकी पत्नी उमा प्रेम धवन ने प्रकाशित करवा कर पाठकों तक पहुँचाया। उनकी नज़्मों की बानगी देखें -

(1)   

दिलों के रिश्ते बहुत ही अजीब होते हैं
जो दूर हो वही अक्सर करीब होते हैं
मिले कई हसीं सनम मगर तेरी कमी रही
तेरे ही रुख ये आज तक नज़र मेरी जमी रही।


(2)

 ज़िंदगी जब समझ में कुछ आने लगी
ज़िंदगी छोड़कर हमको जाने लगी
जब किनारा नहीं तो भंवर ही सही
अपनी कश्ती कहीं तो ठिकाने लगी
बुझ गए रास्ते के सभी जब दीये
रौशनी दिल की रास्ता दिखाने लगी
चटकी है बाग में कोई ताज़ा कली
आज सारी फिज़ा मुस्कुराने लगी
कूकी कोयल तो फिर याद आई तेरी
इक घटा गम की फिर दिल पर छाने लगी
ख़ैर हो ऐ खुदाया के इस उम्र में
एक कमसिन नज़र दिल लुभाने लगी
अब तो सोने दे ऐ दिल घड़ी दो घड़ी
देख तारों को भी नींद आने लगी।


प्रस्तुति - नीलम अंशु

01 मई 2011

आज स्व. बलराज साहनी जी का जन्म दिन  है। उन्हें हमारी श्रद्धांजलि। वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। बेहद उम्दा अदाकार के साथ-साथ वे साहित्य सर्जक भी थे। उनके भाई भीष्म साहनी ने जहां हिन्दी साहित्य को समृद्ध किया वहीं उन्होंने पंजाबी में साहित्य रचना की। पहले वे अंग्रेजी में लिखा करते थे। शांतिनिकेतन में गुरुदेव रवीन्द्र नाथ ठाकुर के प्रोत्साहन पर कि साहित्य सृजन व्यक्ति को अपनी मातृभाषा में करना चाहिए, वे पंजाबी की तरफ उन्मुख हुए। 2004 में उनकी सहधर्मिणी श्रीमती संतोष साहनी जी से  मुंबई में उनके आवास पर मिलने का मौका मिला था।

बलराज साहब पर फिल्माया नीलकमल फिल्म में बाबुल की दुआएं लेती जा तथा वक्त का ऐ मेरी ज़ोहराज़बी मेरे पसंदीदा गीतों में से हैं। 


                                      ^ ^ ^ ^ ^

30 अप्रैल 2011

सुर ना सजे क्या गाऊँ  मैं .........   





1 मई 1919 को कलकत्ते में जन्म हुआ पिता पूर्ण चन्द्र डे तथा माता महामाया डे के घर पद्मश्री प्रबोध चन्द्र डे का. परिवार वाले उन्हें प्यार से मन्ना  कहकर बुलाते थे. यह नाम उन्हें उनके चाचा कृष्ण चन्द्र डे ने दिया था. चाचा की मात्र 13 वर्ष की उम्र में आँखों की रौशनी चली गयी परिणामस्वरूप किसी न किसी को हमेशा उनके साथ रहना पड़ता था. संयोग से यह मौका ज्यादातर मन्ना को मिलता था. इसी सिलसिले में चाचा के साथ New Theatre भी  जाना पड़ता जहाँ कानन देवी, पृथ्वी राज कपूर, कुंदन लाल सहगल, जमुना, पंकज मल्लिक, पहाड़ी सान्याल, नितिन बोस जैसे दिग्गज कलाकारों को करीब से देखने का मौका मिलता. पर तब तक मन्ना डे ने संगीत  को करिअर  बनाने के बारे में सोचा भी नहीं  था. विद्यासागर  कॉलेज  से बी ए करने  के बाद माता पिता चाहते थे कि वे कानून की पढाई करें क्यूंकि उन दिनों बर्रिस्टर को सम्मानजनक करिअर के रूप में देखा जाता था पर मन्ना असमंजस में थे कि क्या करें. वैसे संगीत की  शुरुआती तालीम  चाचा से लेने के बाद फिर उस्ताद दबीर खान से भी सीखा. वे कहते हैं, मैं  आज जो कुछ भी हूँ अपने चाचा की वजह से हूँ.

मात्र 22 वर्ष  की उम्र में उन्हों ने फिल्म रामराज्य में पहली बार गाया. फिर 1950 में प्रदर्शित मशाल में उनका गाया गीत ऊपर गगन विशाल हिट होते ही वे limelight में आ गए और  फिर पीछे मुड कर नहीं देखा . 

बकौल मन्ना डे - मैं इस बात  स्वीकारूंगा कि किशोर  काफी  प्रतिभाशाली था , मुकेश का अपना अंदाज़ था, तलत महमूद, हेमंत कुमार सभी प्रतिभा के धनी थे लेकिन रफ़ी का कोई  jawaab नहीं  था, He was the best.

हम उनके स्वस्थ्य जीवन की कामना करते हैं. 
उन्हें जन्मदिन की बहुत-बहुत मंगल कामनाएं . 


00000 


पुनश्च : दोपहर 2.00 बजे 


सुबह 9 बजे 107 एफ. एम. रेनबो और 10.15 बजे से 11 बजे तक 100.2 एफ. एम गोल्ड  पर  मन्ना डे साहब के गीत बजाए .  मज़ा आ गया. श्रोता बंधुओं से बात भी हुई फ़ोन  पर. सबने उन्हें शुभकामनाएं दीं . फ़ोन करने वालों के नाम हैं - साउथ संकराइल से बाबू खान और शब्बीर, राधापुर howra  से अरुण शास्मंडल. 

   जिन्हें लाइन नहीं मिली उन्होंने एस एम एस द्वारा शुभकामनायें भेजीं. 

एस एम एस  शुभकामना सन्देश  इस प्रकार हैं :- 

1. God gifted  singer  मन्ना डे के जन्म दिन पर  हार्दिक शुभकामनायें .    हमारी  तरफ से भी. उस महान इंसान के बारे में हम क्या कहें .  - बेहाला से उत्पल माइति, टुकाई  भत्ताचार्जी और रिम्पी. 
  
2. दीदी  आज मेरे बेटे रिशान के दो  साल पूरे  हुए हैं . दीदी आप मेरे बेटे के लिए  भी दुआ कीजिये. -  कोलोरा  से बादशा .

3.  मन्ना डे को बहुत-बहुत  मुबारक हो जन्मदिन. 
- मु. नईम, आजादनगर से .

4.  मन्ना डे, अनुष्का शर्मा, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों को हैप्पी बर्थडे विश करता हूँ . -  राम बालक हुगली   से. 

5. हार्दिक शुभकामनायें 
- साउथ संकराइल, खा पाड़ा  से  बापी, मोंटू, सोंटू मल्लिक.

6. दिल से मुबारक, नज़र से मुबारक, जुबान से निकले तो मन्ना डे के जन्मदिन  पर ढेर सी मुबारक. - दक्षिण संकराइल से मुनीरउद्दीन लस्कर.


 
 
                                     )(   )(  )(   )(  )(

24 अप्रैल 2011

अतीत के झरोखे में

दो वर्षों का सफ़र 



कल 23 अप्रैल को समवेत स्वर ने  ब्लॉगिग का अपना दो वर्षों का सफ़र पूरा कर लिया। यकीन ही नहीं होता, लगता है मानो कल की बात है। इसके जन्म की कहानी भी दिलचस्प है। उन दिनों कोलकाता में तैनात वीरन्द्र राय जी ने एक मेल भेजकर उनका बलॉग खरोंचे पर दृष्टिपात करने का अनुरोध किया था। बस, खरोंचे में उनकी कविताएं पढ़ीं और वहाँ क्या आप अपना ब्लॉग बनाना चाहते हैं का ऑप्शन देख कर बस सिलसिलेवार क्लिक करते-करते अपना बलॉग बना डाला। फिर चिंता हुई कि इस पर लिखा क्या जाए। ख़ैर यह थी शुरूआत और नन्हें-नन्हें क़दमों से समवेत स्वर ने आगे बढ़ना शुरू किया। 



उत्साहवर्धन तथा सफ़र में हमसफ़र बनने हेतु  आप सभी दोस्तों का बहुत-बहुत आभार।

03 अप्रैल 2011

चक्क दे चक्क दे चक्क दे.....फट्टे !



‘खोसला का घोंसला’ फ़िल्म में कैलाश खेर का गाया यह गीत मुझे बेहद पसंद है। और......अंतत  भारतीय टीम ने फट्टे चक्क ही दिए। चार-पाँच साल पहले जब ‘चक्क दे’ फ़िल्म रिलीज़ हुई थी तो मेरे एक कलीग ने मुझसे पूछा था, ‘चक्क दे’ का क्या मतलब होता है। अब विश्व कप सेमी फाइनल और फाइनल के बाद उन्हें अच्छी तरह अहसास हो गया होगा कि ‘चक्क दे’ क्या होता है।

मेरा क्रिकेट के प्रति आकर्षण कभी नहीं रहा। मुझे लगता था कि इतने घंटों तक टी. वी. से चिपके रहने की तुलना में और भी महत्वपूर्ण काम है करने के लिए।  लोगों के उत्साह को देखकर जब-जब दिलचस्पी लेकर मैच देखा, तब-तब हम हार गए। परिणामस्वरूप रुझान कभी जम ही नहीं पाया। बस 2003 में डरते-डरते भारत-पाक मैच सेकेंड हाफ से देखा था, तब हम जीते थे। और इतने सालों बाद या यूं कहूं कि जीवन में पहली बार मैंने मोहाली सेमी फाइनल वाला मैच देखा। लोगों के जोश को देखते हुए मैं भी उस दिन ऑफिस से जल्दी घर लौट आई करीब साढ़े तीन बजे। ऑफिस से निकलने तक सहवाग आउट हो चुके थे। टालीगंज मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही दूसरा विकेट चला गया और घर पहुंच कॉलिंग बेल बजाते-बजाते तीसरा विकेट गया। टी. वी. ऑन करते ही स्क्रीन हेड लाइन्स में देखा कि चौथा विकेट भी गया। मुझे समझ नहीं आया कि चौथा विकेट आया कब और गया कब। बाद में पता चला कि चौथा विकेट युवराज सिंह का था। दिल धड़क रहा था पर फिर भी मैच देखने का मोह नहीं छोड़ा क्योंकि मीडिया और जनता कह रही थी कि भारत जीतेगा ही। उस दिन स्थानीय प्रभात खबर के ज्योतिषी की भविष्य वाणी सही साबित हो गई कि सचिन शतक से चूकेंगे और युवराज भी कुछ ख़ास नहीं करेंगे लेकिन जीत भारत की ही होगी। इसलिए ज़रा बेधड़क होकर पूरा मैच देखा और हम जीत गए। इस तरह मैंने भी एक रिकॉर्ड बनाया अपने अब तक के जीवन में पहली बार पूरा मैच देखने का। पहली बार अपना सारा काम-काज छोड़ कर तन्मयता से मैच देखा। मै सोच रही थी कि लोग इतने घंटों तक बैठ कैसे लेते हैं और खिलाड़ी लगातर इतने घंटों तक खेल कैसे लेते हैं। मैं तो बैठे-बैठे थक गई।
सेमी फाइनल की सुबह अखबारों में कवरेज और जनता का जोश देखकर तय किया था कि मैं भी मैच देखूंगी, भारत-पाक का तो जरूर ही। ऑफिस में यू ही एक कलीग से पूछ लिया कि फाइनल किस दिन है। उन्होंने बताया – शनिवार को। शनिवार की सुबह मेरा एफ. एम. पर प्रोग्राम है, यह तो पता था और दो अप्रैल के हिसाब से तय किया था कि अजय देवगन पर प्रोग्राम करना है, उनका जन्म दिन जो है। लेकिन. जैसे ही पता चला कि उस दिन फाइनल है तो फटाफट तय किया कि मैं भी उस दिन क्रिकेट से संबंधित प्रोग्राम ही करूंगी क्योंकि सारे श्रोता तो आकर विश्व कप की ही बात करेंगे। ख़ैर, मैंने क्रिकेट से संबंधित तथ्य एकत्रित किए। सोचा गाने तो अजय देवगन पर ही बजाऊंगी बातें क्रिकेट की होंगी। साथ ही श्रोताओं से आग्रह किया कि फोन पर तथा एस.एम.एस, द्वारा बताएं कि टीम इंडिया के लिए वे क्या शुभ कामना संदेश देना चाहेंगे और रात को कैसे सेलिब्रेट करेंगे, साथ ही यह भी कि प्रोग्राम में बज रहे गीतों की खा़सियत भी बताएँ। ज्यादातर श्रोताओं ने कहा कि गाने कुमार शानू और अलका के बज रहे हैं। एक एस.एम.एस. सबसे पहले मिल गया था कि सारे गीत अजय देवगन की फिल्मों के हैं। मैंने श्रोताओं को बता दिया कि एस.एम.एस के ज़रिए मुझे गीतों की ख़ासियत का जवाब तो मिल गया है लेकिन जब तक मुझे फोन वाले श्रोता से जवाब नहीं मिल जाता तब तक मैं ज़ाहिर नहीं करूंगी। पैतालीस मिनटों में कुल पाँच गीत ही बजे और पौने दस बजे जहांगीर ज़रीवाला ने आकर कहा कि शायद आज अजय देवगन का जन्मदिन है, उन्हीं के गीत आप बजा रही हैं। तो मैंने सस्पेंस ख़त्म करते हुए अजय देवगन को जन्म दिन की मुबारकबाद दी और इसके बाद टीम इंडिया के लिए गीत बजाया – खेलेंगे हम जी जान से। हमारे श्रोताओं ने फोन और एस.एम.एस के ज़रिए टीम इंडिय़ा को अपने-अपने अंदाज़ में शुभ कामनाएं दीं। सभी का कहना था कि कप तो हम ही जीतेंगे। प्रोग्राम के अंत में मैंने टीम इंडिया को शुभ कामनाएं देते हुए कैलाश खेर का गीत बजाया - चक्क दे चक्क दे चक्क दे.....फट्टे !
सुबह सात बजे की निकली हुई दोपहर पौने एक बजे घर पहुंची। ज़रूरी काम निपटा कर मैच देखने की क़वायद शुरू की। इस बार डरते-डरते नहीं बल्कि आत्मविश्वास के साथ कि आज तो हम ही जीतेंगे। लगभग पौने नौ बजे भाई का फोन आया, तीन वर्षीया भतीजी कुहु बात कर रही थी। मैंने पूछा क्या कर रही हो ? उसने कहा – मैच देख रही हूँ।  मैने पूछा – जीतेंगे न ? उसने कहा – हाँ। भला उस बच्ची को इस उम्र में क्या पता कि मैच क्या होता है और जीतना क्या होता है। सुना कि वह तिरंगा थामे कहती फिर रही थी कि ये मेरा इंडिया है। वह फोन पर अपने मूड के अनुसार ही बात करती है और कभी-कभी तो बीच में छोड़ कर भाग जाती है कि नहीं, बात करना का मन नहीं है। शुक्र है कि उस दिन उसका मूड भी ठीक था और उसने काफ़ी बातें भी कीं। भाई को जब मैंने बताया कि मैंने पहली बार सेमीफाइनल वाले दिन पूरा मैच देखा तो उसने कहा – यह तो मुझे मालूम था कि तुम भारत-पाक  का मैच ज़रूर देखोगी। यही भाई जब मैच देख रहा होता था तो मुझे कहा करता था कि दीदी तुम उठ  कर चली जाओ प्लीज़, हम हारना नहीं चाहते। तुम्हारे मैच न देखने से कोई फ़र्क नहीं पडे़गा लेकिन मैं नहीं चाहता कि तुम देखो और हम हारें।  ख़ैर, मैच शुरू होते ही जब सहवाग चलते बने और उसके बाद सचिन भी तो दिल धड़कने लगा। और फिर जब सचिन के जाते ही गंभीर का आत्मविश्वास डगमगाता सा लग रहा था तो मेरी भी धड़कनें तेज़ हो रहीं थीं लेकिन साथ ही यह भी विश्वास था कि सारे देशवासी कह रहे है कि हम जीतेंगे।  इस दौरान जब भारत की फील्डिंग चल रही थी तो एक दोस्त का और फोन आया कि सुबह तो आपका शुभकामनाओं वाला प्रोग्राम सुना, अब बताईए क्या लग रहा है आपको कि क्या होगा ? मैंने कहा लगने-लगाने की बात छोड़िए, हम जीतेंगे ही, बस। और वही हुआ। इन दो दिनों में 30 मार्च को 3.30 ले 9.45 तक और कल 2.00 बजे से रात 11.45 तक टी.वी. को समय देने का कोई मलाल नहीं है। पहली बार मैंने इतने घंटों तक टी.वी. देखा। शुक्र है कि मेरा एफ. एम. का प्रोग्राम शाम की शिफ्ट में नहीं था वर्ना घर आते-आते ही पौने दस बजे जाते और मैच देखने की हसरत भी पूरी ही नहीं हो पाती।
28 बरसों बाद भारत का सपना साकार हुआ और विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा बनने का सचिन का भी ख़्वाब 22 बरसों बाद हक़ीकत में बदला।
रोचक बात तो यह है कि वर्तमान टीम के बहुत से खिलाड़ी तो तब पैदा भी नहीं हुए थे। कुछ खिलाड़ी तो मात्र 22 वर्ष के हैं और सचिन को खेलते हुए शानदार 22 वर्ष हो गए है। मुझे तो वर्तमान खिलाडियों में से कुछ की शक्ल भी पता नहीं थी और पीयूष चावला, अश्विन, मुनाफ पटेल वगैरह की तो अभी भी पहचान नहीं है, हाँ, नामों से ज़रूर जानती हूँ।

तो... हमारी टीम इंडियो को ढेर सारी बधाईयां, उसने साबित कर दिया कि.........सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी और सचमुच फट्टे चक्क दित्ते। खिलाड़ियों की इस सफलता पर देश गौरवान्वित है। तरह-तरह के पुरस्कारों से नवाज़ कर उनकी हौसला अफ़ज़ाई की जा रही है।



 -0- -0- -0- -0- -0- 




बाद में जोड़ा गया - 

आज सुबह (4-4-2011)  ऑफिस जाते वक्त मेट्रों में अचानक ये वाक्या याद हो आया, वह भी आपसे शेयर करना चाहंगी।  

2009 में आयकर विभाग का प्रत्यत्र कर राष्ट्रीय आकादमी, नागपुर में सेमीनार था। पूरे देश भर के अधिकारी आए हुए थे। अकादमी में आई. आर. एस. अधिकारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चलते हैं। टी ब्रेक के दौरान मैं और विजयलक्ष्मी मैडम(मदुरई) ट्वायलेट से लौट रहे थे तो सामने वाले गलियारे से अधिकारियों के एक ग्रुप के साथ धोनी आते दिखे। विजयलक्ष्मी जी ने कहा  - धोनी। मेरी कोई प्रतिक्रिया न देख उन्होंने फिर कहा - यार... धोनी।  मैंने कहा - तो। तीसरी बार उन्होंने फिर कहा - अरे यार धोनी है। मैंने छूटते ही कहा, तो क्या हुआ, अमिताभ बच्चन होते तो कोई बात होती।  देखते ही देखते वो कार में बैठकर चले गए। हम चाहते तो आराम से हाय-हलो तो कर ही सकते थे। मुझे हैरानी भी हुई कि पत्रकारिता तथा मीडिया से जुड़ाव के वावजूद धोनी को देख कर मेरे मन में कोई हलचल क्यों नहीं हुई। धोनी  प्रशिक्षणाधीन नए आई. आर. एस अघिकारियों के सत्र में विशिष्ट फैकल्टी के तौर पर आमंत्रित थे और अपना सत्र ख़त्म कर वापस जा रहे थे। 

आज शाम  घर लौटते ही पहले विजयलक्ष्मी जी को फोन लगाया।  काफ़ी अरसे बाद उनसे बात हुई। फोन उठाते ही मैंने उनसे पूछा - पहचान रही हैं। जवाब में उन्होंने कहा - थोड़ी सी बात और कीजिए। मैंने कहा - यार धोनी है। सुनते ही वे हंस पड़ीं और कहा - हाँ मैडम बताईए कैसी हैं आप।  तो मैंने उन्हें विश्व कप की बधाई दी। उन्होंने फिर कहा- उस दिन धोनी का ऑटोग्राफ नहीं लिया। मैंने कहा - अगर आपने ऐसा कहा होता तो मैं ज़रूर धोनी को रोक कर बात करती और आपको ऑटोग्राफ दिलवा देती। उन्होंने कहा - मैं क्रिकेट के लिए बहुत क्रेजी हूं। साथ ही यह भी कहा कि चलिए इसी बहाने आपने मुझे याद किया, अच्छा लगा। जवाब में मैंने कहा कि हाः अब अगर इस तरह धोनी इतने पास से गुजरें तो मैं ज़रूर नॉक करके विश करूंगी। 

एक बात और..... उस वक्त भले ही मैंने उनसे ये कहा हो कि अमिताभ बच्चन होते तो कोई बात होती।  खैर अमित जी तो अमित जी हैं, उनके सामने धोनी तो शिशु हैं। लेकिन, कल मेरे दिमाग़ में एक सवाल कुलबुलाया कि फिल्मी कलाकारों और क्रिकेटरों में बड़ा कौन है ?  हलाँकि दोनों अलग-अलग फील्ड है। मैंने सोचा कि फ़िल्मी कलाकार दर्शकों के मनोरंजन के लिए काम करते हैं। उनके पास बेशक अदाकारी की कला है। परंतु है तो ऐक्टिंग ही  वह भी कभी बंद कमरों में तो कभी सिर्फ यूनिट के सौ-पचास या दो सौ लोगों के समक्ष। क्रिकेटर तो ऐक्टिंग नहीं हक़ीकत में लाइव परफॉर्म करते हैं वह भी इतनी बड़ी तादाद में उपस्थित दर्शकों के सामने जहाँ कोई रीटेक नहीं होता। आप अच्छा परफॉर्म करते हैं तो भारतीय जनता सर-आँखों पर बिठाती है और असफल रहते हैं तो जनता अर्श से फ़र्श पर उतारने में भी वैसी ही दरियादिली दिखाती है। क्रिकेटरों की परफॉर्मेंस कठिन काम है, रीटेक या रीशूट नहीं चलता। इसका अहसास मुझे अब हुआ ((फ़िल्मी कलाकारों के प्रति पूरी निष्ठा  रखते हुए) 


 -0-  -0-  -0-  -0-  -0-


20 मार्च 2011

रंगों के त्योहार होली की 
आप सबको समवेत स्वर परिवार 
की ओर से हार्दिक शुभ कामनाएं !


01 जनवरी 2011

नव वर्ष




नव वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं !

नव वर्ष मंगलमय हो।